Automobile Desk : भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में Electric Vehicles (EVs) का रुख काफी तेजी से बदला है। शुरुआती दिनों में ज्यादा कीमत की वजह से जो इलेक्ट्रिक कारें आम लोगों की पहुंच से थोड़ी दूर लगती थीं, अब वो धीरे-धीरे हर बजट वर्ग के करीब आ रही हैं। बैटरी की घटती लागत, भारत में ही पार्ट्स का निर्माण (लोकलाइजेशन) और हाल ही में आए नए बिजनेस मॉडल जैसे ‘बैटरी-ऐज-अ-सर्विस’ (BaaS) ने EVs के शुरुआती दाम कम करने में बड़ी भूमिका निभाई है। इसी क्रम में देश की तीन प्रमुख वाहन निर्माता कंपनियां—मारुति सुजुकी, हुंडई और किआ—आने वाले समय में अपनी सस्ती इलेक्ट्रिक गाड़ियां लॉन्च करने की पूरी तैयारी में हैं।

Maruti suzuki की एंट्री-लेवल इलेक्ट्रिक हैचबैक
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी अब छोटी EVs के सेगमेंट में बड़ा दांव खेलने जा रही है। कंपनी एक बेहद कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक हैचबैक पर काम कर रही है, जिसे वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान पेश किए जाने की संभावना है। हाल ही में सामने आई स्पाई तस्वीरों से इसके साइज और बनावट का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। यह कार कंपनी के बिल्कुल नए ‘K-EV’ प्लेटफॉर्म पर तैयार की जाएगी। लगभग 3.39 मीटर की लंबाई के साथ यह शहर के ट्रैफिक में चलाने और आसानी से पार्क करने के लिए बेहतरीन साबित होगी। रिपोर्ट्स की मानें तो इसमें 29kWh क्षमता का बैटरी पैक दिया जा सकता है, जो एक बार फुल चार्ज होने पर लगभग 270 किलोमीटर तक की दूरी तय करेगा। कीमत के मामले में यह मारुति के EV पोर्टफोलियो की सबसे किफायती गाड़ी हो सकती है।
Hyundai की नई कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक SUV
हुंडई मोटर इंडिया भी बजट EV सेगमेंट में पीछे रहने के मूड में नहीं है। कंपनी ने मार्च 2027 तक भारतीय बाजार में एक नई कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक SUV उतारने की पुष्टि की है। माना जा रहा है कि यह नया मॉडल ग्लोबल मार्केट में बिकने वाली ‘हुंडई इनस्टर EV’ से प्रेरित होगा। इस SUV में ग्राहकों को दो बैटरी ऑप्शन (42kWh और 49kWh) मिल सकते हैं। बड़े बैटरी पैक के साथ यह कार सिंगल चार्ज में 350 किलोमीटर से ज्यादा की रेंज देने में सक्षम होगी। कार के केबिन में टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, ओवर-द-एयर (OTA) अपडेट्स, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी और सुरक्षा के लिए मल्टीपल एयरबैग्स जैसे लेटेस्ट फीचर्स देखने को मिलेंगे।
Kia की लोकल मेड कॉम्पैक्ट EV
किआ इंडिया भी भारतीय बाजार के लिए अपने इलेक्ट्रिफाइड व्हीकल पोर्टफोलियो को तेजी से विस्तार दे रही है। कंपनी की योजना भारत में चार नए मॉडल लाने की है, जिनमें हाइब्रिड गाड़ियों के साथ एक पूरी तरह से नई कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक SUV शामिल है। किआ की इस आगामी EV की सबसे खास बात यह होगी कि इसे खास तौर पर भारतीय जरूरतों को ध्यान में रखकर यही तैयार और असेंबल किया जाएगा। लगभग 4.2 मीटर लंबी यह SUV साइज में काफी मस्कुलर होगी। लोकल लेवल पर प्रोडक्शन होने के कारण किआ इसे बेहद आकर्षक और प्रतिस्पर्धी कीमत पर लॉन्च कर सकती है, जिससे बाजार में सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा।


