प्रदीप गुप्ता, कवर्धा। कबीरधाम जिले के चिल्फी घाटी क्षेत्र में रविवार को तीन ट्रकों के दुर्घटनाग्रस्त होने से रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में यात्री बसों, कारों, ट्रकों समेत बड़ी संख्या में वाहन फंस गए, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

य़ह भी पढ़ें : पॉवर सेंटर : घायल शेरनी… बिसात… राजनीतिक थर्मामीटर… फंड… ई-ऑफिस रिजल्ट… – आशीष तिवारी

जानकारी के अनुसार, यह हादसा चिल्फी थाना क्षेत्र के दुलदुला गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि जबलपुर की ओर से रायपुर की दिशा में जा रहा एक ट्रक सड़क पर खड़ा था, इसी दौरान वहां से गुजर रहे दो अन्य ट्रकों के बीच क्रॉसिंग के दौरान टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद तीनों ट्रक सड़क पर फंस गए, जिसके चलते हाईवे पर वाहनों का आवागमन बाधित हो गया।

हादसे के कुछ ही समय बाद हाईवे पर दोनों दिशाओं में वाहनों की लंबी कतार लग गई। रायपुर और जबलपुर की ओर जाने वाले यात्री और मालवाहक वाहन जाम में फंस गए। चिल्फी घाटी में पहले से ही भारी वाहनों की आवाजाही अधिक होने के कारण जाम का असर काफी दूर तक दिखाई दिया।

घटना की सूचना मिलते ही चिल्फी पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालने में जुट गई। पुलिस द्वारा दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि हाईवे पर यातायात को दोबारा सुचारू किया जा सके।

फिलहाल, हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, हाईवे पर जाम के चलते वाहन चालकों से सावधानी बरतने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m