गुलशन कुमार ,नारनौल (महेंद्रगढ़)। 3 मई (रविवार) को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के शांतिपूर्ण और पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस अधीक्षक दीपक ने सभी पुलिसकर्मियों को ब्रीफ करते हुए निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित समय पर अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित रहें और ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।


तैनात किए गए 350 पुलिस बल
एसपी ने गर्मी को देखते हुए जवानों को खुद को हाइड्रेटेड रखने और लू से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पीने की सलाह भी दी।परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिलेभर में लगभग 350 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात किए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को गश्त पर रखा गया है, वहीं दो रिजर्व दंगा-रोधी टीमें भी तैयार की गई हैं।


यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर नौ नाके लगाए गए हैं तथा परीक्षा केंद्रों के मार्गों पर आठ राइडर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए महेंद्रगढ़ और नारनौल बस स्टैंड पर भी पुलिस बल मौजूद रहेगा।


बनाए गए छह पार्किंग स्थल
नकल रहित परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्त नियम लागू किए हैं। साथ ही यातायात दबाव को कम करने के लिए छह अलग-अलग पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है। इनमें रेलवे स्टेशन नारनौल, पुरानी अनाज मंडी, सुभाष स्टेडियम, नया ट्रामा सेंटर और कोर्ट कॉम्प्लेक्स महेंद्रगढ़ सहित अन्य स्थान शामिल हैं।जिला पुलिस का कहना है कि पूरी व्यवस्था का उद्देश्य परीक्षा को सुरक्षित, व्यवस्थित और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना है।