मुकेश सेन, टीकमगढ़। अवैध रेत के खेल में पैसों के लेनदेन को लेकर रेत माफिया और नायब तहसीलदार के बीच विवाद हो गया। नौबत मारपीट तक जा गई। आरोप है कि नायब तहसीलदार के ड्राइवर का सिर फोड़ा गया। वहीं रेत माफिया ने भी गंभीर आरोप लगाए है। फिलहाल पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह पूरा मामला टीकमगढ़ के बल्देवगढ़ थाना क्षेत्र का है।

स्थानीय रेत माफिया छोटू राजा जो कि प्रशासन की मिलीभगत से कस्बे में रेत का काम करता है। आरोप है कि वह 5 हजार रुपये की रिश्वत की राशि हर माह अधिकारियों को देता है और इस माह वह रिश्वत की राशि पहुंचाने में 2 दिन लेट हो गया, जिससे नाराज तहसीलदार अपने स्टाफ व नायब तहसीलदार के साथ शाम 7 बजे छोटू के घर पहुंचे और पूछताछ की। रेत माफिया छोटू का आरोप है कि जब वह घर पर नहीं था तो इन्होंने जबरिया घर में घुसकर मां, बहन और भाभी के साथ मारपीट की। जिससे वृद्ध मां गंभीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ये भी पढ़ें: मंदसौर CMHO डॉ. गोविंद निलंबितः आउटसोर्स नियुक्तियों व फर्जी दस्तखत के लगे गंभीर आरोप, डॉ. द्विवेदी को सौंपी गई कमान

वहीं इस पूरे मामले में बल्देवगढ़ नायब तहसीलदार का कहना है कि रेत माफिया छोटू राजा अवैध रेत का ट्रैक्टर लेकर जा रहा था, जिसका पीछा करते हुए उसके घर तक पहुंचे। जहां इन लोगों ने हम पर हमला कर दिया। जिसमें ड्राइवर का सिर फट गया और गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। नायब तहसीलदार ने बताया कि बल्देवगढ़ थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। फिलहाल इस मामले में सच्चाई तो पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी, लेकिन रेत का यह अवैध खेल वो भी प्रशासन की नाक के नीचे बिना अधिकारियों की मिलीभगत के संभव नहीं है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m