उत्तम कुमार, मुजफ्फरपुर। तिरहुत स्नातक और तिरहुत शिक्षक MLC चुनाव के लिए सुबह 8 बजे से मतदान जारी है। सुबह-सुबह स्नातक मतदाता बूथ केंद्रों पर अपने पसंदीदा प्रत्याशी को वोट करने के लिए पहुंच रहे हैं। चुनाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
स्नातक-शिक्षक सीट पर कुल 28 उम्मीदवार
बता दें कि तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 17 उम्मीदवार अपने भाग्य को आजमा रहे हैं। वहीं, तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 11 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव के लिए जिले में तिरहुत स्नातक चुनाव के लिए कुल 145 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जबकि तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 58 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। शिक्षक सीट के लिए 8800 मतदाता और स्नातक सीट के लिए 1,44,000 मतदाता वोट करेंगे।
डीएम कुमार गौरव ने बूथ केंद्रों का लिया जायजा
जिला पदाधिकारी कुमार गौरव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने आर.बी.बी.एम. महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदान अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान संपन्न कराने तथा प्रत्येक वैध मतदाता की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर जिला नियंत्रण कक्ष से तत्काल संपर्क स्थापित करने को कहा।
शाम 4 बजे तक होगी वोटिंग
बिहार एमएलसी चुनाव के लिए मतदाता आज शाम 4 बजे तक अपने बूथ केंद्र पर जाकर मतदान कर सकेंगे। वोटिंग बैलेट पेपर (मतपत्र) के जरिए कराई जाएगी, जबकि वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी। इस चुनाव में कुल 5,32,847 मतदाता 150 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। सुचारू और शांतिपूर्ण मतदान के लिए निर्वाचन क्षेत्रों में 993 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। एमएलसी चुनाव में एनडीए, महागठबंधन और जन सुराज के बीच मुख्य रूप से त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें- Bihar MLC Elections: मोकामा में जदयू और जनसुराज के कार्यकर्ता आपस में भिड़े, 8 सीटों पर मतदान जारी

