उत्तम कुमार, मुजफ्फरपुर। बिहार में एमएलसी चुनाव के लिए नामांकन का आज मंगलवार (6 अक्टूबर) को आखिरी दिन है। नामांकन के अंतिम दिन तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से राजद की उम्मीदवार रश्मि विनायक गौतम ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर मुजफ्फरपुर क्लब में रश्मि विनायक गौतम के समर्थन में आशीर्वाद सभा का आयोजन किया गया।
आयोजित सभा मेंराजद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे, पूर्व सांसद सीताराम यादव, विधायक शंकर प्रसाद यादव, एमएलसी कारी शोएब सहित दर्जनों पूर्व विधायक मौजूद रहे। सभी ने एमएलसी आशीर्वाद सभा में शामिल होकर के डॉक्टर रश्मि विनायक गौतम को अपना समर्थन दिया और उन्हें जीत के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी।
राजद विधायक ने किया जीत का दावा
इस मौके पर राजद विधायक शंकर प्रसाद यादव ने कहा कि, राजद प्रत्याशी के नामांकन के लिए आयोजित आशीर्वाद सभा में जिस तरह से लोग आए हैं। लोगों की भारी भीड़ उमड़ी है। अपने आप में यह अप्रत्याशित है। उन्होंने कहा कि, यह बुद्धिजीवियों की चुनाव है। लेकिन आशीर्वाद सभा में जो जन सैलाब आया है। यह देखकर कहा जा सकता है कि हमारी प्रत्याशी रश्मि गौतम विनायक जीतेंगी।
‘यह बुद्धिजीवियों का चुनाव, हमारी जीत होगी’
वहीं, राजद के एमएलसी कारी शोएब ने कहा कि, यह बुद्धिजीवियों का चुनाव है। हमारे चारों जिला से महागठबंधन के लोग आए हैं। अब तक जो एमएलसी बनते रहे। वह लोग ठगने का काम किए हैं। इसलिए सरकार के खिलाफ लोगों में जो आक्रोश है। वह रश्मि गौतम को वोट देकर जाहिर करेंगे। उन्होंने कहा कि, हमारे नेता तेजस्वी यादव सबसे पहले बेरोजगारों का मुद्दा उठाएं और सबसे पहले बेरोजगारों को नौकरी देने का काम किए हैं। इसलिए लोग हमारे कैंडिडेट रश्मि गौतम विनायक को अपना मत देंगे।
कल एनडीए उम्मीदवार अभिषेक झा ने किया था नामांकन

तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार अभिषेक झा ने कल अपना नामांकन दाखिल किया। उनके नामांकन सभा में डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी, संजय झा और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी समेत कई नेता और विधायक मौजूद थे। संजय झा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि, राजद वालों को शिक्षा से कोई मतलब नहीं था। 2005 में लड़कियों को साइकिल देकर शिक्षा को आगे बढ़ने का काम नीतीश कुमार ने किया है। अगर नीतीश कुमार 20 साल पहले जब मुख्यमंत्री हुए थे, उस समय अगर बिहार झारखंड एक साथ होता तो देश का नंबर वन राज्य होता और उद्योग के क्षेत्र में भी देश में एक नंबर स्थान बना लेता। बिहार के युवाओं को बिहार में ही रोजगार मिलता।
संजय झा ने कहा कि, 2030 तक मुजफ्फरपुर और बिहार में काफी संख्या में अच्छे उद्योग होंगे और जिसमें बिहार की युवाओं को बिहार में ही रोजगार मिलेगा। इस दौरान उन्होंने एमएलसी चुनाव में सभी 8 सीटों पर एनडीए की जीत का दावा किया।
ये भी पढ़ें- ‘…तो चुनाव आयोग की आज यह दुर्दशा नहीं होती’, SC द्वारा नोटिस भेजने पर प्रशांत किशोर का बड़ा बयान

