Bihar MLC Elections: बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन का आज सोमवार (8 जून) को आखिरी दिन है। नामांकन के आखिरी दिन एनडीए और महागठबंधन के प्रत्याशी अपना पर्चा दाखिल करेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक एनडीए के सभी प्रत्याशी सुबह 11 बजे अपना नामांकन दाखिल करेंगे। वहीं, महागठबंधन के प्रत्याशी दोपहर 3 बजे अपना नामांकन दाखिल करेंगे। गौरतलब है एमएलसी की 10 सीटों पर 18 जून को मतदान होना है।

एनडीए ने 9 सीटों पर उतारे उम्मीदवार

10 सीटों पर होने वाले एमएलसी चुनाव के लिए एनडीए ने 9 सीटों पर अपने उम्मीदवारों को लेकर ऐलान कर दिया है। जदयू-बीजेपी ने 4-4 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। वहीं, चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी (आर) ने एक सीट पर अपने प्रत्याशी का ऐलान किया है।

जदयू से इन 4 लोगों को मिला टिकट

  • निशांत कुमार
  • भारती मेहता
  • ललन मंडल
  • शिवरानी देवी प्रजापति

बीजेपी के 4 उम्मीदवार

  • संजय मयूख
  • पवन सिंह
  • शीला पंडित
  • अनिल कुमार ठाकुर

एलजेपी आर से अशरफ अंसारी को टिकट मिला है।

राजद से सुनील सिंह होंगे उम्मीदवार

राजनीतिक गणित के हिसाब से विधान परिषद चुनाव में राजद एक ही सीट पर जीत हासिल कर सकती है। खबरों की मानें तो राजद ने सुनील सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है, हालांकि अभी तक इसका आधिकारिक तौर पर ऐलान नहीं हुआ है। सूत्रों के मुताबिक सुनील सिंह से कागज तैयार रखने को कहा गया है। आज सुबह 11 बजे वह अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। इस दौरान उनके साथ इंडिया गंठबंधन के साथी मौजूद रह सकते हैं।

खतरे में दीपक प्रकाश का मंत्री पद

आरएलएम प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के बेटे और मंत्री दीपक प्रकाश को टिकट नहीं मिल पाया है। ऐसे में उनके मंत्री पद को लेकर सवाल उठने लगे हैं। गौरतलब है कि दीपक प्रकाश बिना किसी सदन का सदस्य रहते हुए मंत्री पद की शपथ ली है। नियम के मुताबिक 6 महीने के अंदर उनका किसी सदन का सदस्य बनना अनिवार्य है, अन्यथा उनका मंत्री पद खतरे में पड़ सकता है।

एमएलसी चुनाव में NDA का पलड़ा भारी

राजनीतिक गणित के हिसाब से विधान परिषद चुनाव में NDA का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। MLC चुनाव में एक सीट जीतने के लिए करीब 25 विधायकों के समर्थन की जरूरत होती है। एनडीए के पास कुल 202 विधायक हैं। ऐसे में एनडीए दल 8 सीटों पर आसानी से जीत दिलाने की स्थिति में हैं। वहीं, महागठबंधन के पास संख्या बल कम होने के कारण वह फिलहाल सिर्फ एक सीट पर ही मजबूत दावेदारी पेश कर सकती है।

एमएलसी चुनाव का पूरा कार्यक्रम

गौरतलब है कि बिहार में MLC की खाली 9 सीटों और नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई एक रिक्त सीट (कुल 10 सीटों) पर चुनाव होना है। आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, इन सीटों पर 18 जून को मतदान होगा और उसी दिन देर शाम नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे।

निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है, जबकि 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 11 जून तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और नतीजों का ऐलान कर दिया जाएगा। आयोग ने 20 जून तक पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने की समय-सीमा तय की गई है।

ये भी पढ़ें- खान सर को जेल या बेल? कोर्ट में सुनवाई आज, रौशन आनंद की रिहाई पर आ सकता है बड़ा फैसला