शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज जबलपुर में ‘माय भारत युवा कनेक्ट-खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह आयोजन शासकीय महाकौशल कॉलेज में हो रहा है। राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश भर की करीब 1600 संस्थाओं से जुड़े 8 लाख से अधिक युवाओं के साथ वर्चुअल माध्यम से सीधा संवाद करेंगे। जबलपुर में मौजूद युवा प्रधानमंत्री के इस वर्चुअल संबोधन को लाइव सुन सकेंगे। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के क्षेत्र में हुए विकास, खेल अधोसंरचना और भारत के उभरते खेल पारिस्थितिकी तंत्र से अवगत कराना है। इसके जरिए देश की युवा ऊर्जा को खेल के क्षेत्र में नई दिशा और प्रेरणा देने का प्रयास किया जा रहा है।

जन विश्वास अभियान कार्यक्रम 29 अगस्त को प्रस्तावित

जन विश्वास अभियान कार्यक्रम 29 अगस्त को बालाघाट जिले में प्रस्तावित है। इस दौरान जिला स्तरीय समाधान ऑनलाइन में चिन्हित शिकायतकर्ताओं की मुख्यमंत्री व्यक्तिगत रूप से सुनवाई करेंगे। कार्यक्रम में बैठक एवं समीक्षा के साथ-साथ मीडिया संवाद और उद्योग संवाद भी आयोजित किया जाएगा।


28 अगस्त को रक्षाबंधन के त्योहार के चलते अब अन्य सभी जिलों में भी जन विश्वास अभियान 29 अगस्त को ही आयोजित किया जाएगा। इससे पूरे प्रदेश में एक ही दिन शिकायतों के निराकरण और जनसंवाद का कार्यक्रम चलेगा। जन विश्वास अभियान के जरिए आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।

महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदेशव्यापी हल्लाबोल 

मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर आज प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता महंगाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदेश के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन कर बढ़ती महंगाई के खिलाफ जनता की आवाज बुलंद करेंगे। कांग्रेस के मुताबिक शक्कर, घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल और बिजली के बढ़ते बिलों से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। प्रदर्शन में खासतौर पर महंगी शक्कर और ई-20 पेट्रोल से जुड़े नितिन गडकरी मामले पर भी फोकस किया जा रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि इन बढ़ती कीमतों से आम आदमी की जेब पर असर पड़ रहा है।

शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर ABVP का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से आज प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालयों में कथित अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार समेत विद्यार्थियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर आवाज बुलंद की जाएगी। 

विद्यार्थी परिषद ने सरकार और प्रशासन से शिक्षा व्यवस्था में सुधार करने और विश्वविद्यालयों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग की है। कार्यकर्ता इन मुद्दों को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों में ABVP का यह प्रदर्शन आज दिनभर जारी रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m