अमेरिका की ओर से ईरान को भेजे गए शांति प्रस्ताव पर तेहरान का जवाब आ गया है. इसमें कहा गया है कि वह इस प्रस्ताव को खारिज कर रहे हैं. ईरान के जवाब के बाद अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तेहरान के नए प्रपोजल को पूरी तरह से नामंजूर बताया है. ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, “मैंने अभी-अभी ईरान के तथाकथित ‘रिप्रेजेंटेटिव्स’ का जवाब पढ़ा है. मुझे यह पसंद नहीं आया बिल्कुल नामंजूर है.”
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के जवाब किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता. बातचीत फेल होने के बाद तेल कीमतों में भी उछाल आया है.
अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव को खत्म करने की कोशिशों को बड़ा झटका लगा है. ईरान ने रविवार को अमेरिका के 14 पॉइंट वाले प्रस्ताव का जवाब दिया, जिसे अमेरिका ने 6 मई को भेजा था. ईरान के सरकारी टीवी के मुताबिक, तेहरान ने अपने जवाब में कहा है कि युद्ध हर मोर्चे पर खत्म होना चाहिए. ईरान ने खास तौर पर लेबनान की स्थिति और होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही का मुद्दा उठाया. ईरान का कहना है कि अमेरिका की मांगें जरूरत से ज्यादा हैं.
अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता की कोशिशों को झटका लगा है. ईरान ने युद्ध खत्म करने, प्रतिबंध हटाने और होर्मुज स्ट्रेट में अपनी संप्रभुता की मांग रखी है.
दोनों देशों के बीच कोई सहमति नहीं बनने के बाद रविवार को कच्चे तेल की कीमत करीब 3 डॉलर प्रति बैरल बढ़ गई. करीब 10 हफ्तों से जारी इस संघर्ष ने ईरान और लेबनान में भारी नुकसान पहुंचाया है. वहीं होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है. इसका असर दुनियाभर के तेल बाजार पर पड़ा है, तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं.
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने एक्स पर ट्वीट कर कहा, “हम कभी भी दुश्मन के सामने सिर नहीं झुकाएंगे, और अगर बातचीत या समझौता करने की बात उठती है, तो इसका मतलब आत्मसमर्पण या पीछे हटना नहीं है. बल्कि, हमारा लक्ष्य ईरानी राष्ट्र के अधिकारों को कायम रखना और दृढ़ शक्ति के साथ राष्ट्रीय हितों की रक्षा करना है.”
ईरान की समाचार एजेंसी तस्नीम के अनुसार, ईरान ने अपने प्रस्ताव में युद्ध से हुए नुकसान का मुआवजा भी मांगा है. इसके साथ ही उसने होर्मुज स्ट्रेट पर अपने अधिकार की बात दोहराई है. ईरान ने अमेरिका से कहा है कि वह अपनी नौसैनिक नाकेबंदी खत्म करे, आगे कोई हमला न करने की गारंटी दे, ईरान पर लगे आर्थिक प्रतिबंध हटाए और ईरानी तेल की बिक्री पर लगी रोक खत्म करे.
अमेरिकी अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल ने सूत्रों के हवाले से दावा किया कि ईरान ने अपने संवर्धित यूरेनियम के कुछ हिस्से को कम करने और बाकी हिस्से को किसी तीसरे देश भेजने का प्रस्ताव दिया है. अमेरिका चाहता था कि पहले लड़ाई पूरी तरह बंद हो और उसके बाद परमाणु कार्यक्रम जैसे बड़े मुद्दों पर बातचीत शुरू की जाए.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

