कुंदन कुमार, पटना। बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री के रूप में जिम्मेदारी मिलने के बाद केदार प्रसाद गुप्ता ने आज शुक्रवार (8 मई) को शुभ मुहूर्त के अनुसार सचिवालय स्थित पर्यटन विभाग पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के दौरान विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मियों ने उन्हें बुके देकर स्वागत किया। इस अवसर पर विभाग में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
सीएम और सरकार का जताया आभार
पदभार संभालने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं सरकार के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने उन पर भरोसा जताते हुए पर्यटन विभाग जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है और वह इस भरोसे पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
‘बिहार में पर्यटन की अपार संभावनाएं’
मंत्री केंदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि सरकार हमेशा जनता के हित और विकास के लिए काम करती है। बिहार ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासतों से समृद्ध राज्य है, जहां पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। राज्य में बौद्ध, जैन, सिख और रामायण सर्किट सहित कई ऐसे धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थल हैं, जो देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करते हैं।
क्षेत्र में बिहार को नई पहचान दिलाना उद्देश्य
पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि बिहार में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने और पर्यटन क्षेत्र को नई पहचान दिलाने के लिए विभागीय स्तर पर जल्द बैठक की जाएगी। विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा कर नई रणनीति तैयार की जाएगी ताकि राज्य में पर्यटन को बढ़ावा मिले, रोजगार के अवसर सृजित हों और बिहार की सकारात्मक छवि देश-दुनिया तक पहुंचे।
उभरते वैश्य नेताओं में होती है गिनती
कुढ़नी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक केदार प्रसाद गुप्ता बिहार बीजेपी के उभरते हुए वैश्य नेताओं में गिने जाते हैं। पार्टी संगठन में उनकी मजबूत पकड़ और क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने की वजह से उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। जमीनी स्तर पर काम करने और चुनाव के दौरान मजबूती से पार्टी के लिए खड़े रहने के कारण प्रदेश नेतृत्व भी उन पर भरोसा जताता है। केदार गुप्ता ने साल 2015 के विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के तौर पर पहली बार बड़ी जीत हासिल की थी।
ये भी पढ़ें- ‘ममता की तरह अखिलेश का भी होगा सूपड़ा साफ’, UP चुनाव को लेकर संजय सरावगी का बड़ा बयान
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

