हरियाणा डेस्क। उत्तराखंड के मसूरी में हरियाणा के गुरुग्राम से पहुंचे पर्यटकों के सड़क पर हंगामे का मामला सामने आया है। शनिवार देर रात बाटा शोरूम के पास पर्यटकों की टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस कार की स्थानीय लोगों की कार से टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान एक पर्यटक ने दुकान के बाहर रखी दूध की प्लास्टिक क्रेट उठाकर एक स्थानीय युवक के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला पर भी क्रेट से वार किया गया, जिससे वह सड़क पर गिर गई। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही मसूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने गुरुग्राम के सिकंदरपुर निवासी 36 वर्षीय नीरज राघव को हिरासत में लेकर शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया। मेडिकल जांच के बाद उसे कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस ने मारपीट में शामिल पर्यटकों की टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस कार का मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान भी सी कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

