कुमार इंदर, जबलपुर। मध्यप्रदेश में रफ्तार का कहर थम नहीं रहा है। तेज रफ्तार वाहनों के अनियंत्रित होने से रोज रोज सड़क हादसे हो रहे है। ताजा मामला जबलपुर के पाटन चौराहा का है, जहां गुरुवार सुबह लगभग 9 बजे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली अचानक पलट गई, जिसकी चपेट में दो बाइक सवार भी आ गए। एक बाइक सवार ने तो कूदकर जैसे तैसे अपनी जान बचाई वहीं दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे पाटन अस्पताल इलाज के लिए लाया गया है।
बाइक सवार कूद कर भाग गया
बता दें कि घास से भरी ट्रैक्टर ट्राली जैसे ही पाटन चौराहे से जबलपुर जाने के लिए मुड़ी इस दौरान बेलगाम होकर पलट गई। साइड में दो बाइक सवार खड़े थे जो की कांटी गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इनमें से एक बाइक सवार साहिल इसकी चपेट में आ गया। जिसे गंभीर चोटें आई वहीं दूसरा बाइक सवार कूद कर भाग गया। फिलहाल पाटन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर ट्रैक्टर ट्राली को जप्त कर लिया है।

