सुशीला देवी, गुरुग्राम। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यातायात पुलिस गुरुग्राम ने स्कूल बसों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। 1 मई से 29 मई 2026 तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्कूल बसों की गहन जांच की गई, जिसमें नियमों की अनदेखी और आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाए जाने पर 69 स्कूल बसों और उनके चालकों के चालान किए गए।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बसों की फिटनेस, सुरक्षा उपकरणों और दस्तावेजों की जांच की। साथ ही बस चालकों को बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए गए। उन्हें बताया गया कि छात्रों को चढ़ाने और उतारने के दौरान बस को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें, क्षमता से अधिक बच्चों को बस में न बैठाएं, फर्स्ट एड बॉक्स को पूरी तरह अपडेट रखें और फायर एक्सटिंग्विशर की वैधता समय-समय पर जांचते रहें।
यातायात पुलिस ने बसों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता की नियमित जांच करने की भी सलाह दी। इसके अलावा आपात स्थिति में सहायता के लिए डायल-112 और हेल्पलाइन 1095 की जानकारी देकर चालकों को जागरूक किया गया।
यातायात पुलिस गुरुग्राम ने कहा कि “छात्र देश का स्वर्णिम भविष्य हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।” पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से भी नियमों का सख्ती से पालन कराने की अपील की है।

