कुमार इंदर, जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर अंतर्गत बरेला स्थित ‘निसर्ग वॉटर पार्क’ से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। दोस्तों के साथ तैरने आए एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद वॉटर पार्क परिसर में चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल निर्मित हो गया।
मंडला में खूनी संघर्ष: किराना दुकान पर सामान के पैसे मांगने पर परिवार पर जानलेवा हमला, युवक की मौके
फिसल पट्टी की रेलिंग में था करंट
दरअसल रांझी झंडा चौक का रहने वाला साजन विश्वकर्मा अपने तीन दोस्तों के साथ बरेला स्थित निसर्ग वॉटर पार्क घूमने गया था। वॉटर पार्क में जब वह फिसल पट्टी (वाटर स्लाइड) का आनंद लेकर नीचे आ रहा था, तभी अचानक फिसल पट्टी की लोहे की रेलिंग में फैले जोरदार करंट की चपेट में आ गया। करंट इतना भयानक था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वॉटर पार्क प्रबंधन की गंभीर लापरवाही उजागर
इस दर्दनाक हादसे ने वॉटर पार्क प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्थाओं और गंभीर लापरवाही को पूरी तरह उजागर कर दिया है। लोग भारी गर्मी में राहत आते हैं, वहां बिजली के खुले तारों या लीकेज पर ध्यान नहीं देना प्रबंधन की बड़ी लापरवाही है। मृतक के परिजनों और दोस्तों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। घटना की सूचना मिलते ही बरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बरेला पुलिस ने वॉटर पार्क प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

