गुरुग्राम। हिमाचल प्रदेश के मनाली में घूमने गए गुरुग्राम के एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। रोहतांग-कोकसर मार्ग पर झरने के पास फोटो खिंचवाने के दौरान एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार के भीतर मौजूद 26 वर्षीय महिला और उसके 11 माह के बेटे की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान भोंडसी के सियाराम एन्क्लेव निवासी तनु कुमारी और उनके 11 माह के बेटे दक्ष कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार बुधवार दोपहर रोहतांग-कोकसर मार्ग पर स्थित एक झरने के पास घूमने के लिए रुका था।
उस समय तनु अपने मासूम बेटे के साथ कार के अंदर बैठी थीं, जबकि उनके पति दीपक कुमार सिंह, साले अमन सिंह, मां सविता देवी और पांच वर्षीय बड़ा बेटा वाहन से बाहर खड़े होकर तस्वीरें खिंचवा रहे थे।
अचानक पीछे सरकी कार, मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक कार पीछे की ओर लुढ़कने लगी और देखते ही देखते गहरी खाई में जा गिरी। परिवार के सदस्य कुछ समझ पाते या मदद के लिए दौड़ते, उससे पहले ही बड़ा हादसा हो चुका था।
छुट्टियां मनाने गया था परिवार
जानकारी के मुताबिक, परिवार मंगलवार रात ही मनाली घूमने के लिए रवाना हुआ था। लेकिन यह यात्रा एक दर्दनाक हादसे में बदल गई, जिसने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
हादसे के कारणों की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अचानक पीछे सरकने की वजहों का पता लगाया जा रहा है।यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में वाहन पार्किंग और सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की जरूरत की याद दिलाता है।

