अरुणाचल प्रदेश के वेस्ट कामेंग जिले में शुक्रवार दोपहर भारतीय सेना का एक ट्रक गहरी खाई में गिरने से एक जवान की मौत हो गई, जबकि दो अन्य जवान घायल हो गए। हादसा नेशनल हाईवे-13 पर दोपहर करीब दो बजे हुआ।

यूनिट की ओर जा रहा था ट्रक

अधिकारियों के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन 18 सिख लाइट इन्फैंट्री का था। ट्रक में तीन सैन्यकर्मी सवार थे, जो अपनी यूनिट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गया और गहरी ढलान में जा गिरा।

SSB ने चलाया राहत अभियान

हादसे के बाद ट्रक सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 30वीं बटालियन मुख्यालय की चेन-लिंक फेंसिंग तोड़ते हुए नीचे स्थित पीटी ग्राउंड के पास जा पहुंचा। सूचना मिलते ही SSB की रैपिड रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंची और तीनों जवानों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

एक जवान ने अस्पताल में तोड़ा दम

घायलों में से एक जवान को प्राथमिक उपचार के बाद बोमडिला जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि दो अन्य को दिरांग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने एक जवान को मृत घोषित कर दिया। घायल दोनों जवानों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की लगातार निगरानी रखी जा रही है।

हादसे की वजह की जांच जारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक अचानक नियंत्रण खो बैठा और खाई में जा गिरा। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। सेना और संबंधित एजेंसियों ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा कि दुर्घटना तकनीकी खराबी, सड़क की स्थिति या किसी अन्य कारण से हुई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m