बहादुरगढ़। सोमवार सुबह झज्जर जिले के लोहारहेड़ी गांव में एक दर्दनाक हादसे में 52 वर्षीय महिला की जान चली गई। घर में सो रही महिला पर अचानक मकान की दीवार गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, लोहारहेड़ी गांव निवासी निर्मला (52) पत्नी अतर सिंह सुबह अपने घर में सो रही थीं। इसी दौरान करीब 7:30 बजे मकान की एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और वह उसके नीचे दब गईं। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
मलबे से बाहर निकालने से पहले ही हो चुकी थी मौत
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और महिला को मलबे से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

