झज्जर। हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में कैंटर चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। नया गांव बीर बरखताबाद बाईपास के पास सड़क किनारे खड़े कैंटर के ऊपर से गुजर रहे ढीले बिजली के तार वाहन से टकरा गए। करंट फैलते ही कैंटर में आग लग गई और चालक उसकी चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

कैंटर से उतरते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश निवासी राकेश सामान से भरा कैंटर लेकर बादली की ओर से बहादुरगढ़ आ रहा था। रास्ते में उसने नया गांव बीर बरखताबाद बाईपास के पास वाहन सड़क किनारे खड़ा किया और नीचे उतरने लगा।
इसी दौरान ऊपर से गुजर रहे बिजली के ढीले तार कैंटर के संपर्क में आ गए। अर्थिंग होने के कारण करंट पूरे वाहन में फैल गया और देखते ही देखते कैंटर आग की लपटों से घिर गया।
तेज करंट और आग के कारण नहीं बचा चालक
हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोगों ने चालक को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज करंट और भीषण आग के कारण वे वाहन के पास नहीं पहुंच सके। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे कैंटर को अपनी चपेट में ले लिया।
फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग, शव बाहर निकाला
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद कैंटर से चालक का शव बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ नागरिक अस्पताल भेज दिया है।
बिजली लाइन की लापरवाही की भी जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में हादसे की वजह बिजली के ढीले तार बताए जा रहे हैं।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बिजली लाइन के रखरखाव में किसी तरह की लापरवाही तो नहीं हुई थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
फायर ऑफिसर रविंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। आग बुझाने के बाद कैंटर से चालक का शव बाहर निकाला गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


