रानिया। गांव बणी की अनाज मंडी में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें करंट लगने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गुरसेवक सिंह (57) और नत्थू राम (56), जो पंजाब के रामा मंडी के निवासी थे, बणी अनाज मंडी में गेहूं की लिफ्टिंग का काम कर रहे थे। काम के दौरान उन्होंने गेहूं से भरे ट्रक को छांव में खड़ा किया।
इसी दौरान ट्रक का अगला हिस्सा अचानक ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया, जिससे पूरे ट्रक में करंट फैल गया। जैसे ही दोनों मजदूर नीचे उतरने लगे, उन्हें जोरदार करंट लगा और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। सिविल अस्पताल सिरसा की टीम ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

