चरखी दादरी।चरखी दादरी के गांव कन्हेटी में गुरुवार शाम एक बेहद दर्दनाक हादसे में 29 वर्षीय दिव्यांग पूर्व सैनिक रविंद्र की ई-ट्राईसाइकिल में आग लगने से मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मदद पहुंचने से पहले ही रविंद्र जिंदा जल चुका था।

जानकारी के अनुसार, रविंद्र गुरुवार शाम अपनी ई-ट्राईसाइकिल से गांव की एक मजार पर गया था। इसी दौरान अचानक ट्राईसाइकिल में शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी ट्राईसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया।ग्रामीणों ने आग की लपटें देखकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

खेल के मैदान का सितारा, सेना का जवान

रविंद्र बचपन से ही खेलों में बेहद प्रतिभाशाली था। वह दौड़ और फुटबॉल में अव्वल माना जाता था। अपनी खेल प्रतिभा के दम पर ही वर्ष 2014 में भारतीय सेना में भर्ती हुआ था।

लेकिन सेना में करीब दो साल सेवा देने के बाद कमर में गंभीर चोट लगने से वह दिव्यांग हो गया और उसे नौकरी छोड़नी पड़ी। इसके बाद वह ई-ट्राईसाइकिल के सहारे अपना जीवन व्यतीत कर रहा था।

बैटरी फटने की आशंका

परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि ई-ट्राईसाइकिल की बैटरी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी। आशंका जताई जा रही है कि बैटरी फटने के कारण आग तेजी से फैली, जिससे रविंद्र को संभलने का मौका नहीं मिला।

गांव में शोक की लहर

पूर्व सैनिक की इस दर्दनाक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। जिसने भी हादसे के बारे में सुना, वह स्तब्ध रह गया। एक होनहार खिलाड़ी और पूर्व फौजी का इस तरह दुनिया से चले जाना हर किसी की आंखें नम कर गया।