हांसी। हांसी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय बच्चे की जान चली गई। कुंदनापुर रोड पर साइकिल से जा रहे मासूम को पीछे से आए एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी, जिससे वह वाहन के नीचे आ गया। गंभीर हालत में उसे सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान हुड्डा सेक्टर-5 निवासी 10 वर्षीय विनय, पुत्र रमेश, के रूप में हुई है। वह चौथी कक्षा का छात्र था। जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब साढ़े तीन बजे विनय साइकिल से कुंदनापुर रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और अनाज मंडी पुलिस चौकी से एसआई अनिल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। वहीं, बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।
जांच अधिकारी एसआई अनिल ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। बयान और प्रारंभिक जांच के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


