० सामने से आ रही कार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुई स्कॉर्पियो; स्थानीय लोगों ने शीशा तोड़कर युवकों को निकाला बाहर
पलवल। हरियाणा के पलवल में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा हथीन मोड़ के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सामने से आ रही कार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गंदे नाले में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा रात करीब 12:15 बजे हुआ। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय युवक विजय ने अपनी जान जोखिम में डालकर कीचड़ और पानी से भरे नाले में उतरकर पत्थर से स्कॉर्पियो का शीशा तोड़ा और अंदर फंसे युवकों को बाहर निकालने में मदद की। एक युवक को मौके पर ही सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने गेलपुर निवासी कुलदीप (35), पुत्र रघुनाथ सिंह को मृत घोषित कर दिया। कुलदीप शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार, वह दोस्तों के साथ किसी काम से हथीन गया था और लौटते समय हादसे का शिकार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से स्कॉर्पियो और उसमें फंसे दोनों युवकों को बाहर निकाला गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और मामले की जांच जारी है।हादसे की खबर गांव गेलपुर पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।


