पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि छह महिलाएं और चालक घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब सभी कर्मचारी एक कंपनी में ड्यूटी के लिए जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान ऊषा मांधना (22) के रूप में हुई है। पंचकूला के कई गांवों से महिलाएं हिमाचल प्रदेश के परवाणू स्थित एक साबुन निर्माण कंपनी में काम करने जाती हैं। कर्मचारियों को लाने-ले जाने के लिए कंपनी की ओर से इनोवा गाड़ी की व्यवस्था की गई थी।
चालक का संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि सुबह ड्यूटी के लिए निकली इनोवा जब पिंजौर के नौल्टा गांव के पास पहुंची तो चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क से नीचे खाई में जा गिरा।
पेड़ों ने बचाई कई जिंदगियां
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खाई में मौजूद पेड़ों के कारण गाड़ी की रफ्तार थम गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यदि वाहन और नीचे चला जाता तो जान-माल का नुकसान और अधिक हो सकता था। हादसे के दौरान गाड़ी की सीटें टूट गईं और सभी यात्री एक-दूसरे के ऊपर गिर गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

