समालखा। पानीपत के समालखा में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बीएड परीक्षा देने जा रही महिला की जान चली गई। जीटी रोड पर एलएनटी कॉलेज के पास तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने सड़क पार कर रही महिला को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक वाहन समेत फरार हो गया।
मृतका की पहचान 30 वर्षीय परमजीत निवासी कश्मीरी कॉलोनी, नजफगढ़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परमजीत अपने पति राकेश के साथ बीएड परीक्षा देने के लिए समालखा आई थीं। दोनों पानीपत बस स्टैंड से बस में सवार होकर एलएनटी कॉलेज के लिए निकले थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कपूर फैक्ट्री के सामने बस से उतरने के बाद दंपति सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने परमजीत को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समालखा के सरकारी अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है।

