गन्नौर। हरियाणा के गन्नौर में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों भरे सफर को मातम में बदल दिया। मनाली घूमकर गुरुग्राम लौट रहे पांच दोस्तों की कार जीटी रोड पर गांव गढ़ी कला के पास अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में बुलंदशहर निवासी 25 वर्षीय सागर और महाराष्ट्र निवासी 28 वर्षीय आर्यन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अश्विन, दनजीत और अभिनव गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, सभी दोस्त 30 जून को मनाली घूमने गए थे और शुक्रवार को गुरुग्राम लौट रहे थे। इसी दौरान गन्नौर क्षेत्र में उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया। सागर के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि आर्यन के परिजनों के महाराष्ट्र से पहुंचने के बाद रविवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच कर रही है।