० अचानक लेन बदलकर ट्रक ने लगाए ब्रेक, कार पीछे से भिड़ी; युवती गंभीर घायल
गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दिल्ली के दो युवकों की जान चली गई, जबकि उनके साथ कार में सवार एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। तीनों दोस्त गुरुग्राम में फुटबॉल मैच देखने आए थे और लौटते समय यह हादसा हो गया।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली के उत्तम नगर निवासी दीपक मलिक (22), सक्षम सचदेवा (21) और प्रगति वशिष्ठ रविवार देर रात कार से गुरुग्राम पहुंचे थे। सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे जब उनकी कार सेक्टर-93 स्थित परीना टॉवर के पास द्वारका एक्सप्रेसवे पर पहुंची, तभी आगे चल रहे एक अज्ञात ट्रक चालक ने अचानक लेन बदलते हुए ब्रेक लगा दिए। तेज रफ्तार कार चला रहे सक्षम वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सके और कार ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई।
हादसा इतना भीषण था कि राहगीरों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने दीपक मलिक और सक्षम सचदेवा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, कार की पिछली सीट पर बैठी प्रगति वशिष्ठ गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही सेक्टर-93 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को एक्सप्रेसवे से हटवाया। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मृतक के परिजन की शिकायत पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106, 281 और 324(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है।


