मुकेश सेन, टीकमगढ़। जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड नंबर 15 मिथला खेरा से एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के आंगन में खेल रहे एक वर्षीय मासूम बच्चे की पानी की होदी (टंकी) में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया
मृतक मासूम दक्ष (उम्र 1 वर्ष) रोज की तरह घर के आंगन में खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अचानक वहां बनी पानी की खुली होदी के पास पहुंच गया और उसमें जा गिरा। मासूम जब होदी में गिरा, तब परिवार के लोग अपने कामों में व्यस्त थे। जब तक परिजनों की नजर होदी पर पड़ी और उन्होंने बच्चे को बाहर निकाला, तब तक वह पूरी तरह डूब चुका था और उसकी सांसें थमने लगी थीं। बदहवास परिजन उसे लेकर तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
ट्विशा शर्मा मर्डर मिस्ट्रीः अब मामले की जांच सीबीआई करेगी, गृह विभाग ने सीबीआई को लिखा पत्र
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इकलौते चिराग की इस तरह अचानक मौत से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

