गोड्डा में रक्षाबंधन की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब भाई के साथ घर लौट रही 38 वर्षीय खुशी देवी की सड़क हादसे में मौत हो गई। दुर्घटना गोड्डा-पथरगामा हाईवे पर पथरगामा फोरलेन में दोपहर करीब 1:30 बजे हुई।
बुलेट पर भाई के साथ लौट रही थी महिला
बताया जा रहा है कि खुशी देवी अपने भाई के साथ बुलेट से मेहरमा के बाराहाट स्थित घर लौट रही थीं। इसी दौरान उनकी साड़ी का पल्लू बाइक के पिछले पहिए में फंस गया। बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण महिला अचानक संतुलन खो बैठीं और सड़क पर दूर जा गिरीं।हादसे में खुशी देवी को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद उन्हें तत्काल गोड्डा सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने मृत घोषित किया
सदर अस्पताल में चिकित्सक डॉ. दिलीप यादव ने जांच के बाद खुशी देवी को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना उनके परिजनों को दी गई, जिसके बाद बाराहाट से स्वजन गोड्डा के लिए रवाना हुए।
परिजनों के बयान के बाद आगे की कार्रवाई
अस्पताल प्रबंधन ने घटना की जानकारी नगर थाना पुलिस को दी है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है। पुलिस परिजनों के पहुंचने और उनके बयान दर्ज होने का इंतजार कर रही है।
नगर थाना के शिव दयाल सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में साड़ी का पल्लू बुलेट के पिछले पहिए में फंसने को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


