० झज्जर-बहादुरगढ़ मार्ग पर भीषण हादसा, रोहतक अकादमी के खिलाड़ी हिमांशु की मौके पर मौत, कई साथी गंभीर घायल

झज्जर। झज्जर-बहादुरगढ़ मार्ग पर मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में उभरते कबड्डी खिलाड़ी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके कई साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि कार ट्रक के पीछे जा घुसी और उसमें सवार युवक वाहन के भीतर ही फंस गए। मृतक की पहचान पानीपत के मतलोडा क्षेत्र के गांव भंडारी निवासी 22 वर्षीय हिमांशु, पुत्र सुतीश कुमार, के रूप में हुई है। हिमांशु अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

जानकारी के अनुसार, हिमांशु रोहतक की एक कबड्डी अकादमी में अभ्यास करता था। वह अपने दोस्तों के साथ दिल्ली में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। देर रात सभी कार से वापस रोहतक लौट रहे थे। इसी दौरान झज्जर-बहादुरगढ़ मार्ग पर दुल्हेड़ा गांव के पास उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई।

जबरदस्त टक्कर से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कार में सवार सभी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और वाहन के भीतर फंस गए। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर झज्जर के सामान्य अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने हिमांशु को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया।


क्षेत्र में शोक की लहर
घटना की सूचना मिलते ही बादली थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है।हिमांशु की असमय मौत से उसके गांव और खेल जगत में शोक की लहर है। इकलौते बेटे को खोने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।