विनोद सैनी ,हिसार। आदमपुर क्षेत्र में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हरियाणा रोडवेज बस में सवार दो यात्री घायल हो गए। हादसा चूली कलां-दड़ोली रोड पर उस समय हुआ जब कार और रोडवेज बस की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

मृतक की पहचान फतेहाबाद जिले के गदली गांव निवासी 40 वर्षीय दीनदयाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दीनदयाल किसी निजी कार्य से मंडी आदमपुर जा रहे थे। इसी दौरान चूली कलां के निकट सामने से आ रही रोडवेज बस से उनकी कार की टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन में ही फंस गया। हादसे में दीनदयाल की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को कार से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल भेज दिया। वहीं बस में सवार दो यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।

हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बताया जा रहा है कि रोडवेज बस आदमपुर से फतेहाबाद की ओर जा रही थी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

दीनदयाल के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी पत्नी का करीब पांच वर्ष पहले निधन हो चुका था। परिवार में उनकी वृद्ध मां, एक बेटा और एक बेटी हैं। पिता की असमय मौत से बच्चों के सिर से भी अभिभावक का साया उठ गया है।

पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। वहीं हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।