दुबई में सोमवार को हुए एक भयावह सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। भारतीय श्रमिकों को लेकर जा रही एक मिनीबस एमिरेट्स रोड पर अचानक रुके एक ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसा इतना गंभीर था कि कई भारतीय कर्मचारियों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
कैसे हुआ हादसा?
दुबई पुलिस के जनरल डिपार्टमेंट ऑफ ट्रैफिक के निदेशक ब्रिगेडियर जुमा सलेम बिन सुवैदान के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तकनीकी खराबी के चलते ट्रक सड़क के बीचों-बीच रुक गया था। इसी दौरान पीछे से आ रही मिनीबस समय रहते नियंत्रण नहीं कर सकी और ट्रक से जा भिड़ी। अधिकारियों का मानना है कि बस चालक सुरक्षित दूरी बनाए रखने में असफल रहा, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।
सात की मौत, नौ घायल
हादसे में अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि नौ अन्य घायल हुए हैं। घायलों में पांच की हालत नाजुक बताई जा रही है, जबकि चार लोगों को मध्यम चोटें आई हैं। सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
भारतीय वाणिज्य दूतावास ने जताया शोक
दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। दूतावास ने कहा कि वह स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। भारतीय अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना।
जांच जारी, यातायात बहाल
दुबई पुलिस की दुर्घटना जांच टीम मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। बचाव और राहत कार्यों के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने यातायात को नियंत्रित रखा। बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सड़क पर यातायात सामान्य कर दिया गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

