फरीदाबाद। जम्मू-कश्मीर घूमने निकले फरीदाबाद के पांच दोस्तों का सफर दर्दनाक हादसे में तब्दील हो गया। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगरोटा के पास रविवार तड़के उनकी कार की तेज रफ्तार बस से भीषण टक्कर हो गई। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों की पहचान बल्लभगढ़ की भूदत्त कॉलोनी निवासी शक्ति सिंह चौधरी, मोहित वर्मा और सिकंदर सैफी के रूप में हुई है। वहीं घायल दीपक वर्मा और कुलदीप शर्मा का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस ने परिजनों को दी सूचना

हादसे के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवारों में मातम छा गया और परिजन जम्मू के लिए रवाना हो गए।

इकलौता बेटा था मोहित

हादसे में जान गंवाने वाले मोहित वर्मा अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी दो बहनें हैं। बताया जा रहा है कि उनके पिता सुनील वर्मा कॉलोनी में ज्वैलरी का कारोबार करते हैं। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मोहित अपने पिता के साथ कारोबार संभालते थे और परिवार की जिम्मेदारियों में भी सहयोग करते थे।

हादसे में घायल दीपक वर्मा मोहित के चचेरे भाई हैं। एक ही कॉलोनी के तीन युवकों की मौत से भूदत्त कॉलोनी में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवारों और स्थानीय लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।