० छुट्टी पर घर आए थे जवान विकास, 26 जुलाई को ड्यूटी पर लौटना था; पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया

कैथल। हरियाणा के कैथल जिले में नेशनल हाईवे-152 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय वायुसेना (एयरफोर्स) के एक जवान की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब जवान अपनी पत्नी के साथ कार से करनाल जा रहे थे। पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी, जिससे जवान की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान जुलानीखेड़ा गांव निवासी 39 वर्षीय विकास के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, विकास छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे और किसी काम से अपनी पत्नी संदीप के साथ कार से करनाल जा रहे थे। रास्ते में किसी कारणवश उन्होंने नेशनल हाईवे-152 पर कार रोकी, तभी पीछे से आए एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि विकास ट्रक की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं, पूरी घटना अपनी आंखों के सामने देख उनकी पत्नी सदमे में बेहोश हो गई।


26 जुलाई को लौटना था ड्यूटी पर
बताया जा रहा है कि विकास की पोस्टिंग चंडीगढ़ में थी और उन्हें 26 जुलाई को दोबारा ड्यूटी पर लौटना था। उनके परिवार में पत्नी और एक बेटा है, जो वर्तमान में पढ़ाई कर रहा है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।