करनाल। हरियाणा के करनाल जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा प्योत टोल प्लाजा के पास हुआ, जहां कैंटर और बोलेरो गाड़ी की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

बोलेरो में सवार थे तीन युवक

जानकारी के मुताबिक बोलेरो में तीन युवक सवार थे। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। तीसरे घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

मृतकों और घायल युवकों में एक युवक तोशाम का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि दूसरा हिमाचल प्रदेश और तीसरा करनाल का निवासी है।

हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।

मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि दुर्घटना किस वाहन चालक की लापरवाही के कारण हुई। घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।