रेवाड़ी। राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर गोठड़ा गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तभी उसकी बाइक सर्विस रोड पर खड़े डंपर से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, पाली गांव निवासी वेदपाल फास्ट फूड की दुकान संचालित करता था। वह अपने एक परिचित की बेटी की शादी में कन्यादान कार्यक्रम में शामिल होने गया था। देर रात बाइक से वापस लौटते समय गोठड़ा के पास सर्विस रोड पर खड़े डंपर को नहीं देख पाया और उसकी बाइक सीधे डंपर से जा टकराई।
हादसे के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों व पुलिस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल वेदपाल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
परिजनों के मुताबिक, वेदपाल अपने पीछे पत्नी और चार बच्चों को छोड़ गया है। उसके तीन बेटियां और एक बेटा है। इनमें जुड़वा भाई-बहन की उम्र करीब छह वर्ष बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज
सूचना मिलने पर कुंड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।हादसे ने एक बार फिर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों से होने वाले खतरों को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

