रोहतक। हरियाणा के रोहतक जिले में कलानौर के पास एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

अंबाला से नारनौल की तरफ जा रही थी गाड़ी

यह हादसा सुबह के समय हुआ जब एक टाटा गाड़ी अंबाला से नारनौल की तरफ जा रही थी। एक्सप्रेसवे पर गांव खैरड़ी के पास गाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसने आगे चल रहे एक ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टाटा गाड़ी पूरी तरह से चकनाचूर हो गई और उसमें सवार तीनों लोगों की मौके पर ही जान चली गई।

मरने वाले में दो लोगों की नहीं हो पाई है पहचान

पुलिस ने एक मृतक की पहचान नारनौल निवासी मनोज कुमार जैन के रूप में की है, जबकि बाकी दो लोगों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस ने उनके परिजनों और नारनौल पुलिस को घटना की सूचना दे दी है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि गाड़ी पीछे से ट्रक में जा टकराई थी। पुलिस आसपास के रास्तों और टोल के कैमरे खंगाल रही है ताकि हादसे की असली वजह का पता चल सके। परिजनों के आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m