संजय पाटीदार, भोपाल। राजधानी भोपालवासियों के लिए अच्छी खबर है। राजधानी भोपाल से अब नोएडा और पश्चिमी उत्तरप्रदेश की यात्रा पहले से ज्यादा आसान और सुविधाजनक होने जा रही है। एयरलाइंस कंपनी इंडिगो ने भोपाल से जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए 1 जुलाई से सीधी फ्लाइट सेवा शुरू करने का फैसला लिया है। कंपनी ने इसकी बुकिंग भी शुरू कर दी है, इस नई फ्लाइट सेवा से व्यापार, नौकरी और पढ़ाई के लिए उत्तरप्रदेश जाने वाले लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।
शुरुआती किराया 4662 रुपए
इंडिगो की यह फ्लाइट रोजाना संचालित होगी। फ्लाइट नंबर 6ई 7654 शाम 7:40 बजे भोपाल एयरपोर्ट से उड़ान भरेगी और रात 9:25 बजे जेवर एयरपोर्ट पहुंचेगी। वही वापसी में फ्लाइट नंबर 6ई 7653 शाम 5:20 बजे जेवर से रवाना होकर शाम 7 बजे भोपाल पहुंचेगी। करीब 1 घंटा 45 मिनट की इस यात्रा के लिए शुरुआती किराया 4662 रुपए रखा गया है।
भोपाल की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत
यह सेवा 78 सीट वाले एटीआर 72 विमान से संचालित की जाएगी। नई फ्लाइट शुरू होने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और पश्चिमी उत्तरप्रदेश के शहरों तक पहुंचना काफी आसान हो जाएगा। अब यात्रियों को दिल्ली होकर लंबा सड़क या रेल सफर तय नही करना पड़ेगा। इससे समय की बचत होगी और भोपाल की हवाई कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।


