Bihar News: बीपीएससी की ओर से TRE 4 शिक्षक भर्ती का विज्ञापन जारी होने के बाद भी पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर छात्रों का प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शन कर रहे छात्र TRE 4 में एकल परीक्षा और माइनस मार्किंग हटाने की मांग पर अड़े हुए है। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से लगातार जारी रहेगा। वहीं, अब छात्रों के प्रदर्शन पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का बयान सामने आया है।

सरकार पर भरोसा करें छात्र- शिक्षा मंत्री

TRE-4 परीक्षा को लेकर छात्रों के आंदोलन पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि, सभी छात्र बिहार के भविष्य हैं। जो छात्र हैं, अभ्यर्थी हैं, वो बिहार के भविष्य हैं और उनके भविष्य के प्रति सरकार पूरी तरह संवेदनशील है। सरकार लगातार उनके लिए विभिन्न पदों पर वैकेंसी निकाल रही है। TRE-4 भी उसी में से एक है। चीजें बहुत तेजी से आगे बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खुद संवेदनशील इंसान हैं और उन्होंने सभी विभागों को खुली छूट दी है कि रिक्तियां जितनी भी बची हैं, उसको जल्दी से लाकर सरकार के समक्ष रखा जाए। ताकि युवाओं को एक बेहतर भविष्य दिया जाए और इस परिस्थिति में हमारे जो छात्र-अभ्यर्थी हैं, उन्हें सरकार के हर निर्णय का इंतजार करना चाहिए और सरकार पर भरोसा करना चाहिए।

बस हमारा इतना ही रोल- मिथिलेश तिवारी

वहीं, एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि, ये शिक्षा विभाग के क्षेत्राधिकार का मामला ही नहीं है। हम केवल अधियाची विभाग हैं। हमें अधियाचना भेजना था, हमने भेज दिया और अब रिजल्ट के बाद, जो हमें परीक्षाफल मिलेंगे, उसके बाद हमें नियुक्ति पत्र जारी करना है बस हमारा इतना ही रोल है।

32,388 पदों पर होनी है नियुक्ति

गौरतलब है कि बीपीएससी ने बीते 18 अगस्त, 2026 को TRE-4 के तहत होने वाली शिक्षक भर्ती के लिए विज्ञापन किया था। जारी विज्ञापन के अनुसार चौथे चरण की शिक्षक भर्ती में कुल 32,388 पदों पर नियुक्ति होनी है। हालांकि सरकार की ओर से इसमें कुछ और पदों को जोड़ने की बात सामने आ रही है। TRE-4 के तहत प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक के शिक्षकों की भर्ती होनी है।

1 सितबंर से भरे जाएंगे फॉर्म

अभ्यर्थी टीआरई-4 शिक्षक भर्ती के लिए 1 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भर सकेंगे। महीने की अंतिम तारीख यानी की 30 सितंबर 2026 को ऑनलाइन फॉर्म भरने की अंतिम तारीख होगी। यानी की छात्रों को फॉर्म भरने के लिए 1 महीने का समय मिलेगा। ऑनलाइन आवेदन के साथ ही फीस जमा करने की प्रक्रिया 01 सितंबर 2026 से शुरू होगी। फीस जमा करने की आखिरी तारीख 29 सितंबर 2026 है।

जानें किस वर्ग के लिए कितने पदों पर भर्ती?

  • TRE-4 के तहत कक्षा 1 से लकर कक्षा 5 तक के लिए कुल 38,47 पदों पर भर्ती होगी।
  • कक्षा 6 से कक्षा 8 तक के लिए 8,563 पदों पर भर्ती होगी।
  • कक्षा 9 से कक्षा 10 के लिए कुल 3,877 पदों पर भर्ती होना है।
  • कक्षा 11 और 12 के लिए 16,101 पदों पर भर्ती होगी।

ये भी पढ़ें- ‘उसी भाषा में मिलेगा जवाब’, रोहिणी ने मांझी परिवार पर फिर साधा निशाना, तेजस्वी को भी नहीं बख्शा