सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली थाना क्षेत्र में देर रात हुए ट्रिपल मर्डर ने पूरे इलाके को दहला दिया। टीडीआई कुंडली स्थित बीपीएल फ्लैट्स में एक व्यक्ति ने पति-पत्नी समेत तीन लोगों की तेजधार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में भय का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी, कुंडली थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है।
तेजधार हथियार से की गई हत्या
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान विजय, उसकी पत्नी सुनीता निवासी कोट मोहल्ला सोनीपत और स्वाति निवासी गांव बडोली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपित ब्रह्मप्रकाश, जो बीपीएल फ्लैट्स टीडीआई में ही रहता है, ने इस खूनी वारदात को अंजाम दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमला बेहद बेरहमी से किया गया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी है। एफएसएल टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी और मृतकों के बीच किसी पुराने विवाद की भी जांच की जा रही है।
इलाके में दहशत का माहौल
एक साथ तीन हत्याओं की इस वारदात के बाद कुंडली क्षेत्र में डर और तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

