टोहाना। बगांव हिम्मतपुरा के पास रेलवे ट्रैक पर रविवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 27 वर्षीय विवाहिता अनीता रानी ने ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी जाखल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के मुताबिक अनीता की शादी करीब सात साल पहले राजस्थान निवासी अनूप यादव से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। अनूप वर्तमान में रेलवे में कार्यरत हैं और उनकी ड्यूटी टोहाना के गांव सिंबलवाला में थी।
मृतका के परिजन अर्जुन ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही अनीता को ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किया जाता था। बाद में पति उसे अपने साथ टोहाना ले आया, लेकिन वहां भी कथित तौर पर उसे मानसिक रूप से परेशान किया जाता रहा।
परिजनों के अनुसार घटना से पहले अनीता ने अपने भाई को एक मैसेज भेजा था, जिसमें उसने पति द्वारा रोजाना प्रताड़ित किए जाने का जिक्र करते हुए आत्महत्या करने की बात कही थी। रात में परिवार को घटना की सूचना मिली।
मामले की जांच कर रहीं एएसआई कविता सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि रेलवे ट्रैक पर एक महिला का शव पड़ा है। पहले हेड कांस्टेबल शिव कुमार मौके पर गए थे, लेकिन महिला का शव होने के चलते वह खुद जींद से टोहाना पहुंचीं।
फिलहाल पुलिस ने मृतका के पिता केहर सिंह के बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट होंगे। परिजनों ने आरोपी पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

