अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर ‘सेव अमेरिका एक्ट’ (SAVE America Act) को अमेरिकी संसद में पास कराने की अपील की है। मंगलवार को ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर भारत की चुनाव व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिकी चुनावों में केवल अमेरिकी नागरिकों को मतदान का अधिकार सुनिश्चित करने के लिए इस कानून को मंजूरी दी जानी चाहिए।
क्या है ‘सेव अमेरिका एक्ट’?
‘सेव अमेरिका एक्ट’ अमेरिका में वोटर रजिस्ट्रेशन और मतदान प्रक्रिया को सख्त बनाने वाला प्रस्तावित कानून है। इसके तहत मतदाता पंजीकरण के दौरान अमेरिकी नागरिकता का दस्तावेजी प्रमाण और मतदान के समय वैध फोटो ID दिखाना अनिवार्य करने का प्रस्ताव है।
विधेयक में डाक से मतदान (Mail-in Voting) पर भी अतिरिक्त प्रतिबंध लगाने की बात कही गई है। यह बिल अमेरिकी प्रतिनिधि सभा से पारित हो चुका है, लेकिन सीनेट में अभी इसकी मंजूरी बाकी है।
क्यों हो रहा है विवाद?
ट्रम्प और रिपब्लिकन नेताओं का तर्क है कि सख्त पहचान और नागरिकता संबंधी नियमों से चुनावी धोखाधड़ी की आशंका कम होगी। वहीं, डेमोक्रेट और अन्य आलोचक इसे मतदाताओं के लिए अतिरिक्त बाधा मानते हैं।
विरोधियों का कहना है कि अमेरिका में गैर-नागरिकों का मतदान पहले से ही अवैध है। ऐसे में अतिरिक्त दस्तावेजों की अनिवार्यता से उन नागरिकों को परेशानी हो सकती है, जिनके पास जन्म प्रमाणपत्र या पासपोर्ट जैसे दस्तावेज आसानी से उपलब्ध नहीं हैं।
भारत समेत दूसरे देशों में क्या हैं नियम?
भारत में मतदान के लिए EPIC यानी वोटर ID के अलावा चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित कई अन्य पहचान पत्र स्वीकार किए जाते हैं। ब्रिटेन में कई चुनावों में फोटो ID जरूरी है, जबकि कनाडा में पहचान और पता साबित करने के लिए अलग-अलग दस्तावेजों का विकल्प मिलता है। जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया में भी भारत और ब्रिटेन से अलग मतदान पहचान नियम लागू हैं।
भारत पर ट्रम्प की टिप्पणी से सियासी प्रतिक्रिया
ट्रम्प के बयान पर भारत के विदेश मंत्रालय ने भारतीय चुनाव व्यवस्था को मजबूत और पारदर्शी बताया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत की चुनाव प्रणाली की मजबूती और विश्वसनीयता से पूरी दुनिया परिचित है।
वहीं, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने ट्रम्प के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि अगर ट्रम्प को भारतीय मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की चुनाव व्यवस्था पसंद है तो वे उन्हें अमेरिका ले जाएं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए EVM भेजने की बात भी कही।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


