सत्य, मनुष्य के चरित्र की सबसे मजबूत नींव है. मन और कर्म सच्चाई के साथ हैं तो किसी आरोप, आलोचना और विरोध से डरने की आवश्यकता नहीं है. एक प्रसिद्ध कहावत “सांच को आंच नहीं” इसी भाव को प्रभावशाली ढंग से व्यक्त करती है. सच्चे व्यक्ति को किसी भी प्रकार के भय या झूठे आरोप की चिंता नहीं होती. अंग्रेज़ी की एक उक्ति “A clear conscience fears no accusation.” भी इसी बात को बल देती है. जिनका अंतर्मन निर्मल है उसे किसी आरोप का भय नहीं होता.

“सांच बराबर तप नहीं, झूठ बराबर पाप.
जाके हिरदै सांच है, ताके हिरदै आप॥”

महान संत कबीर दास जी के इस प्रसिद्ध दोहे का अर्थ है, सत्य के समान कोई दूसरी तपस्या नहीं है और झूठ बोलने से बड़ा कोई पाप नहीं है. जिसके मन में सत्य होता है उसी के हृदय में ईश्वर निवास करते हैं.

सच की डगर अति दुखदायी ईमानदार व्यक्ति को असत्य, षड्यंत्र और गलतफहमियों का सामना करना ही पड़ता है. लेकिन सत्य का प्रकाश प्रकट ही होता है उसे लंबे समय तक छुपाया और दबाया नहीं जा सकता. कुछ समय के लिए झूठ प्रभावशाली दिखाई दे सकता है मगर याद रहे उसकी नींव कमज़ोर होती है. धीरे-धीरे ही सही मगर सत्य स्थायी विजय प्राप्त करता है.

“सत्यमेव जयते नानृतं, सत्येन पन्था विततो देवयानः.”

प्राचीन ग्रंथ मुण्डकोपनिषद् के इस प्रसिद्ध श्लोक का अर्थ है कि विजय केवल सत्य की ही होती है. सत्य ही वह दिव्य मार्ग (देवयान) है जिससे होकर पूर्णकाम ऋषिगण ब्रह्म को प्राप्त करते हैं.

भीतर से निर्भीक बनाती है सच्चाई. विचार, वचन और कर्म जब एक-दूसरे के अनुरूप होते हैं तब ही मन में किसी प्रकार का अपराध-बोध नहीं रहता. निर्मल अंतरात्मा ही वास्तविक आत्मविश्वास का स्रोत है. ‘सत्यं वद धर्मं चर’ प्राचीन तैत्तिरीय उपनिषद् का एक महान दीक्षांत उपदेश है कि सत्य बोलो और धर्म का आचरण करो.

“धरम न दूसर सत्य समाना, आगम निगम पुरान बखाना॥”

श्रीरामचरितमानस की इस प्रसिद्ध पंक्ति का अर्थ है, सत्य के समान दूसरा कोई धर्म नहीं है और इस बात का बखान तंत्र (आगम), वेद (निगम) और पुराणों ने भी किया है. इसलिए सभी को सलाह है कि विपरीत परिस्थितियों में भी सत्य का साथ न छोड़ें क्योंकि सब से बड़ा सच तो यह है कि सत्य को दबाया जा सकता है, पराजित नहीं किया जा सकता.

संदीप अखिल

सलाहकार संपादक

न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H