Lifestyle Desk – बारिश का मौसम आते ही गरमा-गरम चाय और कुरकुरे पकौड़ों की याद अपने-आप आने लगती है. रिमझिम फुहारों के बीच चाय के साथ गर्मागर्म पकौड़ों का स्वाद हर किसी को पसंद आता है. अगर आप हर बार आलू या प्याज के पकौड़े बनाकर बोर हो चुके हैं और इस बार कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो पोई और अरबी की पत्तियों से बनने वाले स्वादिष्ट पकौड़े जरूर बनाइए.

पोई और अरबी की पत्तियों का यह अनोखा कॉम्बिनेशन बाहर से बेहद कुरकुरा और अंदर से मुलायम होता है. इतना ही नहीं, ये पत्तियां फाइबर, विटामिन और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं, जो इन्हें स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद बनाती हैं. तो आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी.

सामग्री

अरबी के पत्ते-8–10
पोई के पत्ते-8–10
बेसन-2 कप
चावल का आटा -2–3 बड़े चम्मच
अजवाइन-1 छोटा चम्मच
हल्दी-1/2 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर-1 छोटा चम्मच
धनिया पाउडर-1 छोटा चम्मच
गरम मसाला-1/2 छोटा चम्मच
हींग-1 चुटकी
नमक -स्वादानुसार
अदरक-लहसुन का पेस्ट-1–2 छोटा चम्मच
हरी मिर्च- 1–2 छोटा चम्मच (बारीक कटी हुई)
पानी (घोल बनाने के लिए)
तलने के लिए तेल

विधि

  1. सबसे पहले अरबी और पोई के पत्तों को अच्छी तरह धोकर सुखा लें. मोटी डंठल और नसें हल्के हाथ से हटा दें.
  2. एक बाउल में बेसन, चावल का आटा, अजवाइन, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, गरम मसाला, हींग, नमक, हरी मिर्च, हरा धनिया और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें.
  3. इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा और चिकना घोल तैयार करें.
  4. एक अरबी का पत्ता बिछाएं, उसके ऊपर एक पोई का पत्ता रखें और दोनों पर बेसन का मिश्रण अच्छी तरह फैलाएं.
  5. इसी तरह 4–5 परतें बनाएं. फिर पत्तों को किनारों से मोड़ते हुए कसकर रोल कर लें और ऊपर से भी थोड़ा बेसन लगा दें.
  6. तैयार रोल को 10–15 मिनट तक स्टीम करें. ठंडा होने पर लगभग 1/2 इंच मोटे टुकड़ों में काट लें. कड़ाही में तेल गरम करें और इन टुकड़ों को मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें.
  7. गरमा-गरम पकौड़ों को हरी धनिया की चटनी, इमली की चटनी या टमाटर सॉस के साथ और अदरक वाली चाय के साथ परोसें.