लातेहार। झारखंड के लातेहार में पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी कामयाबी हासिल की है। बालूमाथ थाना क्षेत्र के बरवाटोली गांव में पुलिस ने छापेमारी कर टीएसपीसी के कथित कमांडर रोहन गंझू को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उसके घर से एक देसी रायफल भी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, रोहन गंझू लंबे समय से फरार था और लातेहार के अलावा चतरा समेत अन्य जिलों में दर्ज कई नक्सली मामलों में वांछित था।
एसपी को मिली थी सटीक सूचना
लातेहार एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि टीएसपीसी का कमांडर रोहन गंझू अपने गांव बरवाटोली स्थित घर पहुंचा है। सूचना मिलते ही एसपी ने कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी अनुभव कुमार सिन्हा के नेतृत्व में विशेष टीम तैयार की।
पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर रोहन के घर की घेराबंदी कर दी। पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही उसने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।इसके बाद पुलिस ने घर की तलाशी ली, जहां से एक देसी रायफल बरामद की गई।
5 से ज्यादा नक्सली मामलों में नाम
डीएसपी उमेश प्रसाद सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि रोहन गंझू कई नक्सली संगठनों से जुड़ा रहा है और उसके खिलाफ अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नक्सली हिंसा से जुड़े मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक लातेहार जिले में उसके खिलाफ पांच से अधिक मामले दर्ज हैं। वहीं चतरा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी उसके खिलाफ नक्सली घटनाओं से संबंधित प्राथमिकी दर्ज है।
टीएसपीसी सुप्रीमो का करीबी कमांडर
पुलिस ने रोहन गंझू को टीएसपीसी सुप्रीमो का करीबी और प्रमुख कमांडर बताया है। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसके गांव में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
लेवी वसूली और दहशत फैलाने का आरोप
डीएसपी के अनुसार लातेहार में टीएसपीसी का नेटवर्क काफी कमजोर हो चुका है। इसके बावजूद रोहन गंझू संगठन के नाम पर सीमावर्ती इलाकों में दहशत फैलाकर लेवी वसूलने की कोशिश करता था।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और संगठन से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।गिरफ्तारी अभियान में थाना प्रभारी अनुभव कुमार सिन्हा, सब इंस्पेक्टर धीरज कुमार सिंह, देवेंद्र कुमार और मनोज कुमार समेत पुलिस टीम के अन्य जवानों की अहम भूमिका रही।



