कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में ट्यूशन टीचर बृजेश धाकड़ पर 16 साल की नाबालिग छात्रा से बैड टच का आरोप लगा है। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी उस पर गंदी नियत रखता था और उसे गर्लफ्रेंड बनने के लिए भी कहा। मामले की शिकायत पर बहोड़ापुर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी टीचर की तलाश शुरू कर दी है।

गुमसुम होने पर मां ने पूछा कारण

छात्रा दसवीं क्लास में पढ़ती है। बताया जा रहा है कि जब बच्ची चौथी क्लास में पढ़ती थी, तब से उसके परिजनों ने घर पर ही पढ़ाने के लिए टीचर बृजेश धाकड़ को बुलाना शुरू किया था। आरोपी तब से उसे पढ़ा रहा है। कुछ दिनों पहले डरी सहमी छात्रा गुमसुम होकर घर में रहने लगी। जब मां ने इसका कारण पूछा तो वह भी हैरान रह गई। 

कोचिंग टीचर ने की गंदी बात

पीड़ित छात्रा ने मां को बताया कि घर आकर कोचिंग पढ़ाने वाले बृजेश धाकड़ उसे गंदी बातें करते हैं। उसे अपनी गर्लफ्रेंड बनाने के लिए बोलते हैं। साथ ही कई बार बैड टच भी किया है। जब इसका विरोध किया तो उसे धमकी भी दी कि यदि किसी को बताया तो उसे बदनाम कर देगा। ऐसे में बेटी की आप बीती सुनने के बाद वह बहोड़ापुर थाना पहुंची। 

पुलिस ने शुरू की तलाश

CSP रॉबिन जैन ने बताया कि आरोपी टीचर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। गंभीर अपराध को देखते हुए आरोपी टीचर बृजेश धाकड़ के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m