Automobile Desk: भारतीय टू-व्हीलर बाजार में 225cc से 350cc सेगमेंट की मांग काफी तेजी से बढ़ रही है। इस सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए टीवीएस मोटर कंपनी ने अपनी स्टाइलिस नियो-रेट्रो बाइक TVS Ronin का नया Base+ वेरिएंट बाजार में उतार दिया है। कंपनी ने इस नए मॉडल को अपने पुराने बेस और मिड-वेरिएंट के ठीक बीच में जगह दी है। इस नए एडिशन के शामिल होने के बाद अब Ronin पोर्टफोलियो में कुल 4 वेरिएंट्स ग्राहकों के लिए उपलब्ध हो चुके हैं। भारतीय बाजार में इस धाकड़ बाइक की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.26 लाख रुपये तय की गई है, जो टॉप वेरिएंट के लिए 1.64 लाख रुपये तक जाती है।

रॉयल एनफील्ड हंटर 350 जैसी लोकप्रिय बाइक को सीधी चुनौती देने वाली टीवीएस रोनिन का यह नया बेस-प्लस मॉडल उन राइडर्स को ध्यान में रखकर पेश किया गया है, जो कम बजट में बेहतर सुरक्षा और मॉडर्न फीचर्स चाहते हैं। इस नए वेरिएंट की सबसे बड़ी खासियत इसका डुअल-चैनल एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) है। अब तक रोनिन के एंट्री-लेवल यानी बेस मॉडल में केवल सिंगल-चैनल ABS ही मिलता था। लेकिन नए Base+ वेरिएंट में डुअल-चैनल ABS देकर टीवीएस ने इसे इस सुरक्षा फीचर के साथ आने वाली अपनी लाइनअप की सबसे किफायती मोटरसाइकिल बना दिया है।
सुरक्षा के साथ-साथ टीवीएस ने इस नए वेरिएंट के लुक को नयापन देने के लिए दो नए और आकर्षक कलर ऑप्शन भी शामिल किए हैं। वहीं अगर बाकी फीचर्स की बात करें तो इसमें बेस मॉडल वाले सभी काम के फीचर्स बरकरार रखे गए हैं। बाइक में पूरी तरह से एलईडी लाइटिंग सेटअप दिया गया है। इसके अलावा, हैंडलबार पर ऑफ-सेंटर (असिमेट्रिक) लगा हुआ डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल दिया गया है। इस डिजिटल स्क्रीन पर राइडर को स्पीड, गियर पोजिशन इंडिकेटर, ओडोमीटर, ट्रिप मीटर, फ्यूल लेवल, टैकोमीटर और कई जरूरी चेतावनी वाले इंडिकेटर्स की रियल-टाइम जानकारी मिलती है।
सड़क पर राइडिंग को आसान और सुरक्षित बनाने के लिए इसमें दो राइडिंग मोड्स- ‘रेन’ और ‘अर्बन’ भी दिए गए हैं। वजन के मामले में भी यह बाइक काफी हल्की और संभालने में आसान है। बेस वेरिएंट का कुल वजन मात्र 159 किलोग्राम है, जो रोनिन के अन्य भारी वेरिएंट्स के मुकाबले लगभग 1 किलोग्राम कम है। यही वजह है कि शहर के ट्रैफिक में इसे चलाना काफी आरामदायक साबित होता है।
इंजन और परफॉर्मेंस की बात करें तो कंपनी ने इसके मैकेनिकल स्ट्रक्चर में कोई बदलाव नहीं किया है। TVS Ronin Base+ में वही पुराना और भरोसेमंद 225.9cc का सिंगल-सिलेंडर, ऑयल-कूल्ड इंजन दिया गया है। यह दमदार इंजन 7,750 RPM पर 20.1 bhp की अधिकतम पावर और 3,750 RPM पर 19.9 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इस इंजन के साथ 5-स्पीड गियरबॉक्स जोड़ा गया है, जो लो और मिड-रेंज में बेहतरीन पिकअप और स्मूथ परफॉर्मेंस देता है। जो लोग सवा लाख रुपये के आसपास की कीमत में स्पोर्टी लुक, मजबूत बिल्ड क्वालिटी और डुअल-चैनल ABS जैसी सेफ्टी चाहते हैं, उनके लिए यह नया वेरिएंट एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है।



