० लघु सचिवालय में आयोजित शिविर में विभागाध्यक्षों को सख्त हिदायत— हर शिकायत का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर करें निस्तारण

संजीव घनगस ,सोनीपत। लघु सचिवालय में सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की विभिन्न समस्याओं से जुड़ी 12 शिकायतें दर्ज की गईं। एसडीएम सुभाष चंद्र की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

शिविर के दौरान कपड़ा मार्केट क्षेत्र से सीवर जाम और जलनिकासी की समस्या का मामला सामने आया। शिकायतकर्ता ने बताया कि सीवर का पानी जमा होने से मकान में दरारें आ गई हैं। इस पर एसडीएम ने संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

गांव जुंआ से विद्युत ट्रांसफॉर्मर को निर्धारित समय सीमा के भीतर वेस्ट ड्रेन पंप हाउस में स्थानांतरित नहीं किए जाने की शिकायत भी सामने आई। एसडीएम ने बिजली विभाग को बिना देरी ट्रांसफॉर्मर शिफ्ट करने के निर्देश दिए।गांव भूर्री में रेलवे लाइन के पास अवैध पाइपलाइन हटाने और रासायनिक औद्योगिक अपशिष्ट से फसलों को हो रहे नुकसान की शिकायत पर भी संबंधित विभाग को तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।

वहीं, लाल दरवाजा क्षेत्र के एक निवासी ने पड़ोसी द्वारा नाले को पक्का कर जल निकासी बाधित करने और रैंप निर्माण से बरसात के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न होने की शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

गांव लहराड़ा निवासी शांति देवी ने भूमि की निशानदेही को लेकर शिकायत की, जिस पर एसडीएम ने तहसीलदार के माध्यम से तत्काल निशानदेही कराने के निर्देश जारी किए। इसके अलावा फैमिली आईडी और पेंशन से जुड़ी शिकायतों पर भी संबंधित विभागों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।

एसडीएम सुभाष चंद्र ने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का मौके पर और समयबद्ध समाधान करना है। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शिविर में एसीपी निधि नैन, डीडीपीओ मनीष मलिक, डीआरओ सुशील शर्मा, तहसीलदार कीर्ति दहिया समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।