कैथल। कैथल में शनिवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ों ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी। होटल में हथियारों के बल पर लूट और फिर स्कूटी व नकदी लूटने के बाद भाग रहे बदमाशों का पीछा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है।
जानकारी के अनुसार, चार हथियारबंद बदमाशों ने सुबह करीब 3:30 बजे कैथल के एक होटल में घुसकर बंदूक के बल पर लूटपाट की। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।
इसके करीब एक घंटे बाद बदमाशों ने एक अन्य व्यक्ति से उसकी स्कूटी और करीब 50 हजार रुपये की नकदी भी लूट ली।लगातार दो वारदातों की सूचना मिलते ही CIA कलायत और AVT कैथल की टीमों ने संयुक्त अभियान शुरू किया। बदमाशों की लोकेशन मिलने पर पहली मुठभेड़ कैथल शुगर मिल के पास हुई।
बताया जा रहा है कि दोनों ओर से हुई फायरिंग में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया।पहले एनकाउंटर के बाद पुलिस ने बाकी आरोपियों का पीछा जारी रखा। सुबह करीब 7:15 बजे गांव ग्योंग के खेतों में दूसरी मुठभेड़ हुई।यहां भी पुलिस और बदमाशों के बीच फायरिंग हुई, जिसमें तीसरे आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
चौथे बदमाश की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, गिरोह का एक सदस्य अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी गई है और विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
कई और वारदातों का खुलासा होने की संभावना
फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई अन्य आपराधिक मामलों का भी खुलासा हो सकता है।

