विकास कुमार, सहरसा। जिले के नवहट्टा प्रखंड क्षेत्र से आज रविवार को एक बेहद ही दुखद खबर सामने आई, जहां कोसी नदी में डूबने से दो बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना पूर्वी कोशी तटबंध के ई-2 घाट स्थित स्पर संख्या 78:60 के पास की है।

तरबूज तोड़ने गई थी बच्चियां

मृत बच्चियों की पहचान नवहट्टा नगर पंचायत वार्ड 09 निवासी मोहम्मद नौशाद की 14 वर्षीय पुत्री जास्मिन प्रवीन और वार्ड 07 निवासी सदरे की 13 वर्षीय पुत्री गुलबसा परवीन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चियां तरबूज तोड़ने के लिए नदी किनारे गई थीं, तभी पैर फिसलने के कारण वे गहरे पानी में चली गईं, जिसके कारण यह हादसा हो गया।

सूचना देने के बाद नहीं पहुंची एसडीआरएफ

ग्रामीणों का आरोप लगाया है कि सूचना देने के दो घंटे बाद तक भी एसडीआरएफ टीम मौके पर नहीं पहुंची। बाद में स्थानीय गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। वहीं, मृतक बच्चियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रेस्क्यू ऑपरेशन में हुई देरी को लेकर लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी गई।

पोस्टमार्टम कराने से किया इंकार

बच्चियों की मौत से दुखी परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। वहीं, घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। फिहला पुलिस प्रशासन आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। वहीं, मौके पर पहुंचे स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से आपदा प्रबंधन के तहत पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की बात कही है।

ये भी पढ़ें- Bihar Crime: भाई की हत्या कर नदी में फेंका शव, 3 दिन बाद युवक की लाश मिलने से परिजनों में मचा कोहराम