कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। ऋषिकेश में हरियाणा से आए दो युवकों के साथ बीच सड़क जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार में सवार दोनों युवक एक नाबालिग लड़की को अश्लील इशारे कर रहे थे, जिसके बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने कार को घेर लिया, शीशे तोड़ दिए और दोनों युवकों को बाहर खींचकर पीटना शुरू कर दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, मामला हरिद्वार रोड स्थित काली की ढाल क्षेत्र का बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हरियाणा नंबर की कार में सवार युवक हरिद्वार से ऋषिकेश की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे मौजूद एक नाबालिग लड़की ने आरोप लगाया कि कार में बैठे युवक उसे देखकर अभद्र और अश्लील इशारे कर रहे थे। लड़की की शिकायत पर आसपास मौजूद लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और युवकों का विरोध शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि पहले दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हिंसक हो गया। भीड़ ने कार को रोक लिया और उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि युवकों को कार से बाहर खींचा गया, उनके कपड़े उतरवाए गए और बीच सड़क लात-घूंसों से पिटाई की गई। एक युवक को नग्न अवस्था में सड़क पर घुमाने का भी आरोप है। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर जाम जैसी स्थिति बन गई।
मारपीट के दौरान कार में शराब की बोतल मिलने की बात भी सामने आई, जिसके बाद भीड़ और ज्यादा भड़क गई। लोगों ने कार के शीशे तोड़ दिए और जमकर हंगामा किया। वहीं दूसरा युवक सड़क किनारे घायल अवस्था में बैठा दिखाई दिया, जिसके चेहरे से खून बहने की बात कही जा रही है।
सूचना मिलने पर आईडीपीएल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह भीड़ को शांत कराया। पुलिस ने घायल युवकों को अस्पताल भेजकर मेडिकल कराया और सभी को चौकी ले जाया गया। फिलहाल पुलिस का कहना है कि किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।

